देश के विभिन्न प्रसिद्ध स्थलों पर आप जब स्नॉर्कल करेंगे तब आपको भारत के समुद्र तट पर विद्यमान समुद्री ख़ज़ाना देखने को मिलेगा। शानदार अंडमान और निकोबार द्वीप समूह से लेकर प्राकृतिक नेतरानी द्वीप तक स्नॉर्केलिंग के अनेक विकल्प उपलब्ध हैं।

हेवलॉक द्वीप, अंडमान एवं निकोबार द्वीप समूह 
हेवलॉक द्वीप प्राकृतिक परिदृश्यों से परिपूर्ण एक ऐसी जगह है जहां सफेद रेत से युक्त समुद्री तट, साफ नीला पानी, हरे-भरे जंगल, समृद्ध कोरल रीफ एवं बहुरंगीय समुद्री जीवन की आकर्षक झलक देखने को मिलेगी। एलिफेंट बीच, इस द्वीप पर विद्यमान तीन सुंदर समुद्री तटों में से एक है। यह जगह स्नॉर्केलिंग के लिए बेहद उपयुक्त है। उथला पानी होने के कारण कोरल रीफ जलस्तर के बेहद करीब आ जाती है। पानी के भीतर तैराकी करने वालों की आंखों के आगे समुद्री जीवन का एक विहंगम दृश्य उजागर हो जाता है।

लाँग आइलैंड, अंडमान एवं निकोबार द्वीप समूह
जल के भीतर अठखेलियां करने के लिए उपयुक्त इस द्वीप का वातावरण बेहद शांत है। समृद्ध समुद्री ख़ज़ाना, सुंदर तट, प्राचीन गुफ़ाएं, हरियाली से भरी पहाड़ियां तथा शानदार ईको-सिस्टम मिलकर इस द्वीप को एडवेंचर टूरिज़्म के लिए उपयुक्त स्थल बनाते हैं। लाँग आइलैंड का सुदूर स्थल लालाजी बे, तैराकी तथा स्नॉर्केलिंग के लिए पर्यटकों के बीच आकर्षण का मुख्य केंद्र है। कोई भी रंगत जेट्टी से इस तट तक पहुंच सकता है। यहां पहुंचने में लगभग 90 मिनट का समय लगता है, यह यात्रा सुंदर मैंग्रूवस के पेड़ों से होकर गुज़रती है।

महात्मा गांधी मरीन राष्ट्रीय उद्यान, अंडमान एवं निकोबार द्वीप समूह
पोर्ट ब्लेयर से पश्चिम में लगभग 29 किलोमीटर की दूरी पर महात्मा गांधी मरीन राष्ट्रीय उद्यान स्थित है। यह उद्यान 281.5 वर्ग किलोमीटर क्षेत्र में फैला हुआ है। इसमें खुला समुद्र, खाड़ियां तथा 15 छोटे-बड़े द्वीप विद्यमान हैं। स्नॉर्केलिंग करते समय पर्यटकों को दुर्लभ कोरल एवं पानी के भीतर विद्यमान समुद्री जीवन देखने को मिलेगा। आप जॉली बॉय आइलैंड एवं रेड स्किन आइलैंड देखने भी जा सकते हैं। रेड स्किन द्वीप लाल रंग के पानी के लिए प्रसिद्ध है। 

लक्ष्मणपुर तट, अंडमान एवं निकोबार द्वीप समूह
लक्ष्मणपुर गांव में स्थित लक्ष्मणपुर तट, नील आईलैंड जेट्टी से लगभग 2 किलोमीटर की दूरी पर है। इस समुद्री तट पर आपको अपने कदमों के नीचे सफेद रेत बिछी मिलेगी। इसका उथला पानी स्नॉर्केलिंग एवं कोरल रीफ के अध्ययन के लिए उपयुक्त है। पर्यटकों को तट पर चारों ओर अनेक कोरल एवं सिपियां बिखरी पड़ी मिलेंगी। वे इन्हें यादगार वस्तु के रूप में अपने साथ ले जा सकते हैं। सनबाथ एवं तैराकी भी यहां पर की जाने वाली मुख्य गतिविधियों में शामिल है। यहां आने का सबसे उचित समय तब होता है जब लहरें नीची होती हैं। इस स्थिति में आपको समुद्र के गर्भ में विद्यमान समुद्री ख़ज़ाना के कई रहस्य देखने को मिलेंगे।

कालपेनी, लक्षद्वीप
कावारत्ती की उत्तर दिशा में स्थित कालपेनी द्वीप के समुद्री तटों पर कोरल की भरमार देखने को मिलती है। ये कोरल पानी के साथ बहकर पूर्वी और दक्षिणपूर्वी तटों पर आ गए हैं। ऐसा माना जाता है कि 1847 में आए भयंकर समुद्री चक्रवात ने कोरल की बड़ी चट्टानें इन तटों पर लाकर पटक दी थी। एडवेंचर के शौकीनों के लिए यह जगह किसी जन्नत से कम नहीं है। यह स्नॉर्केलिंग के लिए उपयुक्त अवसर प्रदान करता है। टिप बीच, इस द्वीप का मुख्य आकर्षण है। इसके सफेद रेतीले तटों पर पन्ने की भांति चमकती खाड़ी बहुत आकर्षक लगती है।

कठमठ, लक्षद्वीप
कार्डामोम के नाम से प्रसिद्ध कठमठ एक कोरल द्वीप है, जो लक्षद्वीप द्वीप समूह के अमनदिवी के उप-समूह से संबंधित है। पूर्वी एवं पश्चिमी दिशा में यह सुंदर एवं भव्य लैगून (खाड़ियों) से घिरा हुआ है। इसका एक लंबा रेतीला समुद्री तट है। बहुमूल्य कोरल एवं रीफ युक्त किनारे इस द्वीप को लक्षद्वीप में स्नॉर्केलिंग के लिए आकर्षक जगहों में से एक बनाते हैं। यह द्वीप समुद्री जीवों एवं वनस्पति से भरा पड़ा है, स्नॉर्केलिंग के दौरान जिन्हें आसानी से देखा जा सकता है।

थिन्नाकरा, लक्षद्वीप
यह बेहद सुंदर द्वीप बंगाराम द्वीप के निकट स्थित है। समुद्र का साफ पानी एवं समुद्री जीवन के कारण थिन्नाकरा स्नॉर्केलिंग के लिए किसी जन्नत से कम नहीं है। रात में कोई भी यहां के तट पर चहलकदमी कर सकता है और काले आकाष में टिमटिमाते लाखों तारों का आकर्षण देख सकते हैं।

नेत्रानी द्वीप, कर्नाटक
जैवविविधता से भरपूर नेत्रानी द्वीप स्नॉर्केलिंग के लिए उपयुक्त जगह है। यहां पर आपको कोरल से लेकर पैरट फिश, ट्रिगर फिश एवं बटरफ्लाई फिश तक देखने को मिलेगी। यहां पर अनोखे समुद्री जीवन की भरमार है। यहां के उथले पानी में आप समुद्री कछुए भी देख सकते हैं। 

गोवा
आपको अगर स्नॉर्केलिंग में रुचि है तो गोवा से बेहतर जगह और कोई हो ही नहीं सकती। यहां पर आपको अनेक विकल्प मिलेंगे और आप पेलोलम बीच, ग्रांडे आइलैंड, मंकी आइलैंड एवं सिंक्वेरिम बीच पर जाकर स्नॉर्केलिंग कर सकते हैं। अक्टूबर से अप्रैल के बीच यहां जाने का उचित समय होता है।

तारकरली, महाराष्ट्र
तारकरली एक प्रसिद्ध समुद्री तट है और यह हरियाली से परिपूर्ण है। यहां पर अरब सागर का नीला-हरा पानी विद्यमान है। स्नॉर्केलिंग के लिए तारकरली एक आदर्श गंतव्य है। 20 फुट गहराई तक समुद्र साफ दिखाई देता है।