ऊटकमुंड से लगभग 21 किमी दूर, पायकरा एक खूबसूरत गांव है, जहां इसी नाम से एक तेज़ बहाव वाली नदी और एक झरना भी है। पायकरा इस जिले की सबसे बड़ी नदी है और इस क्षेत्र के टोडा जनजाति के लोग इसे बहुत पवित्र मानते हैं। मुकुर्ती पहाड़ की चोटी से निकलकर, यह पहाड़ी इलाकों से गुज़रती हुई उत्तर की ओर जाती है। नदी रास्ते में कई जगह सुंदर झरने का रूप ले लेती है। नदी के अंतिम दो झरने क्रमशः 55 मीटर और 61 मीटर ऊंचें हैं, इसके बाद ये आपस में मिल जाते हैं। यह झरना पायकरा फाल्स के नाम से प्रसिद्ध है। यहां कई साहसिक ट्रेकिंग ट्रेल्स भी हैं। हरियाली के बीचो बीच, एक प्रमुख आकर्षण पायकरा झील है। यह एक बेहतरीन पिकनिक स्थल है और यहां नौका विहार की भी सुविधा है। यहां के अन्य आकर्षणों में घने शोल के जंगल, घास के मैदान और वन्य जीवन शामिल हैं। प्रकृति-प्रेमियों, फ़ोटोग्राफ़रों और एडवेंचर चाहने वाले व्यक्तियों को पायकरा गांव जरूर जाना चाहिए। पास में स्थित वेनलॉक डाउन, एक और लोकप्रिय पर्यटन स्थल है।

अन्य आकर्षण