आंध्र प्रदेश का सबसे बड़ा शहर विशाखापट्नम, अपने सुंदर तटों के लिए काफी प्रसिद्ध है। यह बंगाल की खाड़ी के बेहद नज़दीक है, जहां का समुद्री जल आज भी पहले की तरह ही साफ और निर्मल है। विशाखापट्नम की सुनहरी रेत पर कल-कल करती लहरें, हरे-भरे जंगल और खूबसूरत हिल स्टेशन इसकी सुंदरता में और भी चार चांद लगा देते हैं। विजाग के नाम से लोकप्रिय, यह देश का सबसे पुराने शिपयार्ड वाला शहर है। इस शहर को प्राचीन मंदिरों और अद्भुत गुफाओं के लिए भी जाना जाता है।

शहर का मुख्य आकर्षण एक पनडुब्बी से बना संग्रहालय है, जो एशिया का सबसे पहला पनडुब्बी संग्रहालय है। समुद्री जीवन का रोमांचकारी अनुभव लेना और समुद्री जीवों को करीब से देखना बेहद सुखद होता है। जब आप उन विविध भू-खंड से गुज़रते हुए समुद्री जीवन को करीब से देखते हैं, तो आपका रोम-रोम रोमांच से भर जाता है। देश की सबसे बड़ी गुफाओं के रूप में प्रसिद्ध बोर्रा की गुफाएं 'एडवेन्चर लवर्स' को खूब लुभातीं हैं। पर्यटक इन अंधेरी गुफाओं में प्रकृति को अपने मूल स्वरूप में देख सकते हैं। इस शहर में जगह-जगह पार्क और उद्यान हैं, जहां पर्यटक इनके अद्भुत सौंदर्य का आनंद ले सकते हैं।

लगभग 11वीं शताब्दी में बसा विशाखापट्नम अपने आत्मिक सौंदर्य को दर्शाता है। विशाखापट्नम शहर को 'सिटी ऑफ डेस्टिनी' के नाम से भी जाना जाता है। यहां भारतीय नेवी इस्टर्न कमांड का मुख्यालय भी है। इतिहासकारों के अनुसार विशाखापट्नम पर राजा विशाखा वर्मा का शासन था, जिन्होंने यहां भगवान विशाखा के नाम पर एक मंदिर बनवाया था। इस कारण इस शहर का नाम विशाखापट्नम पड़ा। विशाखापट्नम कभी कलिंग साम्राज्य का हिस्सा हुआ करता था, जहां सम्राट अशोक ने एक वीभत्स लड़ाई लड़ी थी। मुख्य रूप से यह एक औद्योगिक शहर है, इसलिए यहां पूरे वर्ष बड़ी संख्या में पर्यटकों का आना-जाना लगा रहता है। इस शहर को "ज्वेल ऑन द कोरोमंडेल कोस्ट" भी कहा जाता है।