तंजावुर से लगभग 100 किमी दूर स्थित, वेलंकन्नी शहर लेडी ऑफ गुड हेल्थ की बेसिलिका के लिए जाना जाता है। वेलंकन्नी चर्च में दुनिया भर से लोग आते हैं, फिर चाहे वो किसी भी धर्म के हो। माना जाता है कि यह वह स्थल है, जहां वर्जिन मैरी सभी इच्छाओं को पूरा करती हैं और सभी की प्रार्थनाओं को सुनती हैं। इसे 'सेक्रिड आरोग्य मठ चर्च' के रूप में भी जाना जाता है। भक्तों का मानना है कि वर्जिन मैरी के पास चमत्कारी शक्तियां हैं, जिससे वे लोगों का उपचार करती हैं। मोमबत्ती जलाकर उनकी प्रार्थना करना उनकी पूजा का सबसे अच्छा तरीका माना जाता है। कहा जाता है कि लेडी ऑफ हेल्थ ने यहां एक लंगड़े लड़के का उपचार किया था। उनके सम्मान की निशानी के रूप में उसी लड़के के शरीर के कुछ हिस्सों की धातु प्रतिकृतियां भी यहां देखने को मिलती हैं। चर्च की बनावट गॉथिक वास्तुकला पर आधारित है, भव्य और शानदार फसाड(Facade) के साथ-साथ चर्च के ऊपरी हिस्से पर लंबे स्पायर्स(spires) और विंग्स के आकार के क्रास भी मौजूद हैं। चर्च में एक छोटा सा संग्रहालय भी है, जहां पर मौजूद ऐतिहासिक सबूत इस स्थल पर हुए कई चमत्कारों को बयां करते हैं। बाइबिल की कहानियों को भी संग्रहालय की दीवारों पर खूबसूरती से चित्रित किया गया है। अगस्त और सितंबर के बीच, लेडी ऑफ हेल्थ के नाम पर मनाए जाने वाले वार्षिक पर्व के कारण, यहां बहुत अधिक भीड़ देखने को मिलती है। 29 अगस्त से शुरू होने वाला यह उत्सव करीब 10 दिन तक चलता है।

अन्य आकर्षण