अरुणाचल प्रदेश के पखुई (पक्के) अभ्यारण्य से लगा हुआ असम का नामेरी राष्ट्रीय उद्यान लगभग 1,000 वर्ग किमी में फैला हुआ है। इस क्षेत्र में मुख्यतः अर्ध सदाबहार एवं आर्द्र पर्णपाती वन पाए जाते हैं। यहां गन्ना और बांस की झाड़ियां हैं, और नदी के किनारे-किनारे घास के संकरे मैदान हैं। यह पार्क तेजपुर से लगभग 35 किमी दूर पूर्वी हिमालय की तराई में स्थित है। पक्षी प्रेमियों के लिए यह जगह किसी स्वर्ग से कम नहीं है। होर्नबिल्स, ब्लैक स्टोर्क्स, इबीसबिल्स (पुग्गा), बैब्लर, प्लोवर्स जैसी लगभग 300 पक्षियों की प्रजातियां यहां पाई जाती हैं। आप यहां बाघ, तेंदुए, सांभर, चितकबरे तेंदुए, गौर, जंगली सुअर, अनेक प्रकार के भालू के साथ-साथ हाथी जैसे अन्य वन्य जीवों को भी देख सकते हैं। वर्ष 1978 में इसे आरक्षित वन घोषित किया गया। दो दशक बाद इसे एक राष्ट्रीय उद्यान का दर्जा मिल गया। आइए जैव-विविधता से भरे हुए इस पार्क की जंगल यात्रा करें और अविस्मरणीय अनुभवों का आनंद लें।    

अन्य आकर्षण