वंधरा उद्यान

वंधरा उद्यान षट्कोण के आकार के मैदानों वाला यह एक प्राकृतिक बगीचा है। वंधरा उद्यान चमकदार बोगनविलिया फूलों से भरा हुआ है और कैसुरीना की गहरी हरी झाड़ियां इसे अनेक खंडो में विभाजित करती है। यह उद्यान दमन गंगा नदी के पास स्थित है, पर्यटकों को एक सुखद और शांत वातावरण प्रदान करता है। यह उद्यान सुव्यवस्थित बाड़ों से घिरे फूलों और हरे-भरे वनस्पतियों से भरा हुआ है। यहां घूमने का अलग ही मज़ा है, यहां चलने वाली हवा के झोकें रूह को अन्दर तक तृप्त कर जाती हैं। उद्यान में बैठने के लिए कई स्थान हैं, जहां आप आराम फरमा सकते हैं। वहीं नदी की कल-कलाती आवाज़ एक मधुर धुन का सृजन करती हैं। ऐसे प्राकृतिक परिवेश में आप अपनी सभी परेशानियों को भूल सारे तनावों से मुक्ति पा सकते हैं। वंधरा उद्यान सुबह 6 से दोपहर 12.30 बजे तक और फिर शाम 4 से रात 8:30 तक पर्यटकों के लिए खुला रहता है।

 वंधरा उद्यान

नक्षत्र गार्डन

नक्षत्र गार्डन एक खगोलीय थीम पर आधारित उद्यान है, जिसमें बड़ी संख्या में पौधे और पेड़ हैं, जो राशि चक्र से जुड़े हैं। उद्यान को भारतीय ज्योतिष प्रणाली के अनुसार डिजाइन किया गया है, जो विभिन्न ग्रहों की गति के साथ पौधों को जोड़ता है। बगीचे में बच्चों के लिए एक खेल का मैदान भी है। इस सुव्यवस्थित उद्यान में कई छोटे तालाब और वृक्षों की विभिन्न प्रजातियां हैं। यहां पर मौजूद तालाब छोटे पुलों से जुड़े हुए हैं और बत्तखों की विभिन्न प्रजातियां यहां रहती हैं। यह उद्यान अपनी औषधीय जड़ी बूटियों और पौधों सहित आयुर्वेदिक जड़ी बूटियों के लिए प्रसिद्ध है। बगीचे में बने वॉकिंग ट्रैक्स के दोनों तरफ पौधे लगे हैं, जिनमें पौधों के नामों की पट्टियां लगी हैं। यह पार्क प्रतिदिन सुबह 6:30 से शाम 7 बजे तक दर्शकों के लिए खुला रहता है।

 नक्षत्र गार्डन

हिरण पार्क

सातमालिया डियर पार्क, सिलवासा का प्रसिद्ध पर्यटन स्थल है। यह पिकनिक मनाने और लोगों से मिलने की एक अच्छी जगह है। यह पार्क वसोना लायन सफारी पार्क के करीब है और यह पार्क हिरणों की कई प्रजातियों का घर है। पार्क में घूमने का सबसे अच्छा समय सुबह का होता है, जब आप हिरणों को बड़ी संख्या में चरते हुए देख सकते हैं। पार्क में कई कीचड़ के ट्रेल्स बने हुए हैं, जहां हिरणों को आराम से घूमते हुए देखा जा सकता है। पार्क घूमने के लिए, पर्यटक सरकारी जिप्सी वैन किराए पर ले सकते हैं जो केवल तीस मिनट के लिए मिलती है। यहां पर ऐंटीलोप (हिरन की एक प्रजाति) काफी लोकप्रिय है, इसके अलावा यहां सांभर, चीतल हिरण और ब्लैकबक्स भी आसानी से देखे जा सकते हैं। यहां आने वाले बर्डवॉचर्स को सुनहरे कठफोड़वा, मोर और थ्रश आसानी से देखने को मिल जाते हैं। यहां आने वाले पर्यटकों को जलप्रपात के पास स्थित मचान (वॉचटॉवर) पर जाने का अवश्य प्रयास करना चाहिए, जहां आपको अभयारण्य और मधुबन बांध के मनोरम दृश्य देखने को मिलेंगे।

 हिरण पार्क

बाल उद्यान

सिलवासा के प्रसिद्ध स्थलों में से एक, बाल उद्यान बच्चों का एक ऐसा पार्क है, जिसका शांत वातावरण पर्यटकों को बेहद आकर्षित करता है। यह पार्क बच्चों के बीच व्यापक रूप से लोकप्रिय है, इसके प्रमुख आकर्षणों में एक मिनी चिड़ियाघर और एक मछलीघर शामिल हैं। जबकि मिनी चिड़ियाघर कई जानवरों, पक्षियों और जीव-जंतुओं का घर है, जिनमें अजगर और मगरमच्छ हैं। यहां पर एक एक्वैरियम भी है, जिसमें आपको उष्णकटिबंधीय मछलियां आसानी से तैरती हुई नज़र आ जाएंगी, जो शाम 4 बजे खुलता है। पार्क में बच्चों का पसंदीदा सी-सॉ, मेरी-गो-राउंड और कई झूलों सहित मजेदार सवारियां हैं। यह बाल उद्यान सर्किट हाउस के ठीक बगल में स्थित है, सिलवासा आने वाले प्रत्येक पर्यटक को यहां जरूर आना चाहिए।

 बाल उद्यान