जयपुर से करीब 35 किलोमीटर की दूरी पर रामगढ़ स्थित है तथा यह मानव-निर्मित झील के लिए प्रसिद्ध है। यह झील 15.5 वर्ग किलोमीटर के क्षेत्रफल में व्याप्त है जो रामगढ़ झील कहलाती है। किसी समय यह झील शहर में पानी की आपूर्ति का मुख्य स्रोत हुआ करती थी। हरी-भरी पहाड़ियों के बीच में तटबंध बनाकर मानव-निर्मित झील का निर्माण किया गया था। वर्तमान में यह पर्यटकों के आकर्षण का केंद्र है तथा हर साल बड़ी संख्या में पर्यटक यहां आते हैं। यहां आने का उचित समय मानसून है, जब यह झील पानी से लबालब भरी रहती है।  तब यहां नायाब परिदृश्य देखने को मिलता है। पक्षियों की गतिविधियां देखने में रुचि रखने वालों के लिए यह जगह उपयुक्त है, वे यहां पर अनेक प्रवासी पक्षियों को देख सकते हैं। 1982 में हुए एशियाई खेलों के दौरान यहां पर रोइंग खेल आयोजित किया गया था। 

रामगढ़ कभी जयपुर के महाराजा की आखेटस्थली हुआ करती थी। वर्तमान में यहां पर चीतल एवं नीलगाय जैसे वन्यजीव देखे जा सकते हैं। इसलिए भारत सरकार ने इसे वन्यजीव अभयारण्य घोषित कर दिया है। इसके निकट स्थित पोलो ग्राउंड को भी देख सकते हैं, जो देश के बेहतरीन पोलो ग्राउंड में से एक है। 

 

अन्य आकर्षण